CRIME

नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में चार गिरफ्तार, एक फरार

 

बीआर दर्शन | बक्सर

राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में आयोजित शादी समारोह में आई नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। फरार आरोपी के गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।

सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में शामिल कुल पांच नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बीती 1 मई को रामपुर गांव निवासी बंटी राजभर के घर आयोजित शादी समारोह में एक नर्तकी आई थी। आरोप है कि बंटी राजभर, सलमान खान, रामप्रताप राजभर उर्फ प्रेम कुमार और उनके दो अन्य सहयोगियों ने मिलकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को बेहोशी की हालत में कर्मनाशा नदी के पास छोड़ कर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।‌ पीड़िता के आवेदन पर राजपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को जेल भेजा दिया। एसडीपीओ ने बताया कि पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के साथ राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, अनिषा भारती, सुभाष कुमार, शिवमंडल कुमार, प्रीति कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button