शहर छिनतई की घटना निकली फर्जी, पुलिस हुई हलकान

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के सिविल लाइन मोहल्ले में बाइक सवार से छिनतई की सूचना मिलते पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की जांच में छिनतई की घटना फर्जी निकली। पुलिस ने जब कड़े तेवर अपनाए तो कथित पीड़ित युवक के पास से पैसे बरामद हो गए। पैसा बरामद होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।



मिली जानकारी अनुसार सिविल लाइन मोहल्ले के मनीष सिन्हा अपने नानी का पेंशन का लगभग 22 हजार रूपए बैंक निकाल कर बाइक से घर जा रहा था। युवक पुराने सदर अस्पताल पहुंचा तो हल्ला मचाया कि बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार के बल पर पैसा छिनकर भाग निकले। घटना की सूचना टाउन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष दल- बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगालने लगी। फुटेज देखने के बाद पुलिस को छिनतई की घटना संदेहास्पद लगी। पुलिस ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि नानी का पेंशन का पैसा निकाल कर ला रहा था, पैसे के लालच में छिनतई का हल्ला मचा दिया। पुलिस ने युवक के पास से पैसे बरामद कर लिया। पुलिस ने युवक को कड़ी फटकार लगाई।





