भौकाल बनाना बारातियों को पड़ा महंगा, मारपीट में कई जख्मी, एक की हालत गंभीर

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नई बाजार मठिया मोड़ के समीप रविवार की रात बारात में शामिल लोगों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। मारपीट में कई बाराती जख्मी हो गए। घायलों में सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी परविंदर उर्फ करिया सिंह (45 वर्ष), पिता स्व. गजाधर सिंह तथा राजा सिंह, पिता मुना सिंह सहित अन्य लोग शामिल हैं। जख्मियों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, सभी लोग गांव की एक बारात में शामिल होने बक्सर आए थे। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ लोग नशे की हालत में थे। इसी दौरान नई बाजार मठिया मोड़ के पास उन्होंने दो युवकों से मैरेज हॉल का रास्ता पूछा। इसके बाद युवकों के साथ मारपीट और स्थानीय लोगों से गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थानीय लोगों ने बारातियों की जमकर पिटाई कर दी।


मारपीट में परविंदर उर्फ करिया सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। सभी जख्मियों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करिया सिंह को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद सोमवार को घायल बाराती शिकायत दर्ज कराने मुफस्सिल थाना पहुंचे। थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि मारपीट की घटना सामने आई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।




