नावानगर में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, निर्मित और अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के वासुदेवा थाना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के निशानदेही पर देसी कट्टा, एकनाली बंदूक, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी को सूचना मिली थी कि वासुदेवा बिंद टोली निवासी बिगन बिंद अपने घर में अवैध हथियार बना रहा है। वह हथियारों के निर्माण के साथ उनका कारोबार भी करता है।


सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें डुमरांव अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान और सशस्त्र बल के जवानों ने चिह्नित ठिकाने की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान बिगन बिंद और उसके सहयोगी संतोष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। बिगन बिंद वासुदेवा बिंद टोली का निवासी है, जबकि संतोष शर्मा नावानगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। तलाशी के दौरान पुलिस को हथियारों का जखीरा मिला। मौके से दो देसी कट्टा, एक एकनाली बंदूक और एक अर्धनिर्मित देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा छह जिंदा कारतूस, एक खोखा और दो अर्धनिर्मित बैरल मिले। पुलिस ने मौके से 22 ग्राम गांजा भी बरामद किया है। हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं। इनमें हवा देने वाली भट्ठी, पुरानी ग्राइंडर मशीन, छेनी, सुम्मा, ड्रिल मशीन, रीमर, हथौड़ी, निहाई, पाइप, स्प्रिंग, रेती और प्लास समेत अन्य सामान शामिल हैं। इस मामले में वासुदेवा थाना में विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।




