त्योहारों के बीच प्रशासन सतर्क, मिठाई दुकानों और कारखानों में छापेमारी

बीआर दर्शन | बक्सर
दीपावली, धनतेरस और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के आते ही जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है।

इसे लेकर गुरुवार को शहर के पीपी रोड स्थित बंगला घाट के पास मिठाई बनाने वाले एक कारखाने में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान कारखाने से काफी मात्रा में संदिग्ध मिलावटी मिठाई और अन्य सामान बरामद किया गया। जांच के दौरान कारखाने अथवा मिठाई दुकान के संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस भी नहीं पाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी कर कारोबार करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।


छापेमारी के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कारखाने की स्थिति और वहां तैयार की जा रही मिठाइयों का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद मौके पर मौजूद नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए कारखाने में मौजूद मिठाई एवं अन्य सामान को जब्त कर लिया। साथ ही कारखाने को सील कर दिया गया। इस संबंध में एसडीएम अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस के खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करना गंभीर मामला है। कारखाने के संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शहर में जहां भी मिलावटखोरी या अवैध तरीके से खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री किए जाने की सूचना मिलेगी, वहां प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की।




