CRIME

झाड़ी में मिला युवक का शव, आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने किया सड़क जाम 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

 

बासुदेवा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में सोमवार की सुबह झाड़ियों में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। शव की भयावह स्थिति देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। युवक का एक पैर गायब था, जबकि चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया था। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहली नजर में उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़े युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। काफी प्रयास के बावजूद जब शव की पहचान नहीं हो सकी, तो ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर बासुदेवा कोइरी टोला निवासी राजेश कुमार के घर पहुंचकर उसके बारे में पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि राजेश रविवार की देर शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों ने जब झाड़ियों में शव मिलने की जानकारी दी, तो परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान राजेश कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को बासुदेवा के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों ने हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। राजेश कुमार की हत्या किसने और किस वजह से की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इस जघन्य वारदात ने इलाके में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीण पुलिस से त्वरित जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button