इंटर के छात्र को घेरकर मारी गोली, पल्सर सवार दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा स्थित गर्ल्स हाई स्कूल के समीप सोमवार की शाम बाइक सवार इंटर के एक छात्र को घेरकर गोली मार दी गई। पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने इस वारदात को अंजाम देने और मौके से फरार हो जाने का आरोप लगा। गोली लगने से छात्र जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जख्मी छात्र की पहचान नरबतपुर गांव निवासी राधेश्याम चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र मोहित चौधरी के रूप में हुई है। वह चौसा स्थित प्लस टू आदर्श विद्यालय में 12वीं का छात्र है।

बताया जाता है कि शाम में मोहित अपनी बाइक से महादेवा घाट जा रहा था। इसी दौरान गर्ल्स हाई स्कूल के समीप पल्सर सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया। इसके बाद तीनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी बीच पल्सर सवार एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकाली और मोहित पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ की हथेली में लगी।


वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। इधर, स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को चौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय संबंधित थाने की पुलिस के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र से घटना के संबंध में पूछताछ की। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से गांव के ही कुछ लड़कों के साथ मोहित का किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान गाली-गलौज भी हुई थी। पुलिस इस विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है।





