गोलियों की तड़तड़ाहट से गुंजा इटाढ़ी थाना का बैरी गांव, तीन जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में मंगलवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी विवाद में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान तीन लोग गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मियों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक बैरी गांव में दो पाटीदारों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। बताया जाता है कि राजा तिवारी के पुत्र पवन तिवारी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। इसी दौरान जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी और श्याम नारायण तिवारी समेत करीब 10 लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पवन तिवारी की कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।


गोली चलने की आवाज सुनकर पवन तिवारी के चचेरे भाई बृजमोहन तिवारी (पिता जगदीश तिवारी) मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी। वहीं, राजा तिवारी के पुत्र बुल्लू तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें पेट में गोली लग गई। कुछ ही देर में तीनों लोग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव पांडेय, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित मुफस्सिल थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में जुटी है।

इस संबंध में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि शुरुआती जानकारी में आपसी रंजिश को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एक साथ तीन लोगों को गोली लगने की घटना के बाद बैरी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।




