Education

बच्चों ने रंगों के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश

 

बीआर दर्शन | बक्सर

दीपावली पर्व के पूर्व शनिवार को शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा पांचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ‘हम और हमारा पर्यावरण’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और समसामयिक मुद्दों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की उप-निदेशक उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह मौजूद रहे। इस दौरान उर्मिला सिंह ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली महज एक पारंपरिक गतिविधि नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ हमारे जुड़ाव और रचनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम है। इसके जरिए बच्चे अपनी भावनाओं और सामाजिक संदर्भों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करते हैं।

वहीं, विद्यालय सचिव सरोज सिंह ने कहा कि विद्यालय में प्रतिवर्ष ऐसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि बच्चों को किताबी ज्ञान से इतर अपनी कला, प्रतिभा और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर मिल सके।

प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की अर्चना, रिद्धि और मुस्कान ने खान-पान में बदलते परिवेश को रंगोली के माध्यम से दर्शाया। कक्षा आठवीं की अनानिका, अदिति और आफरीन ने विकसित भारत की झांकी प्रस्तुत की। वहीं, कक्षा नौवीं की राजनंदिनी, पलक, शिवांगी और प्रियांशी ने अनेकता में एकता के महत्व को रेखांकित किया।

नौवीं बी की खुशबू, नैना और समृद्धि ने परीक्षा के गिरते स्तर तथा प्रश्नपत्रों के समय से पहले लीक होने जैसे गंभीर मुद्दों को अपनी रंगोली में उकेरा। जबकि कक्षा दसवीं के श्वेतांक, हर्ष, अभिषेक, आदित्य प्रकाश और आयुष ने विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति घटती रुचि को दर्शाते हुए अध्ययन और अनुशासन को सफलता का मूलमंत्र बताया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को दीपावली के उपहार स्वरूप मिठाइयां प्रदान की गईं। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और जीवन में ज्ञान, खुशहाली एवं सफलता की रोशनी सदैव बनी रहने की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button