बिहार सेंट्रल स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर सेमिनार, सामाजिक मूल्यों और चरित्र निर्माण पर हुई चर्चा

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में ‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य और सामाजिक मूल्य’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की।

अपने संबोधन में सरोज सिंह ने कहा कि विश्व के महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के कार्य, विचार एवं जीवन-दर्शन हमें सत्यनिष्ठा, सादगी और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्वों की जयंती केवल समारोह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके विचारों के छोटे से अंश को भी अपने व्यवहारिक जीवन में उतारने का प्रयास होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन-दर्शन आज के दौर में भी उतना ही प्रासंगिक है। सामाजिक हिंसा और आधुनिक जीवनशैली की विसंगतियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने गांधी के आदर्शों पर आधारित समाज और शास्त्री जैसे सादगीपूर्ण एवं राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। कक्षा सातवीं की रागिनी ने गीत के माध्यम से गांधी और शास्त्री के जीवन-दर्शन को प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा सातवीं की अर्चना ने अपने भाषण में समाज में बच्चों के चरित्र निर्माण को महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी सामाजिक मूल्यों, नैतिकता और विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण को लेकर अपने विचार साझा किए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सेमिनार का समापन हुआ।




