पोखरा में डूबने से दस वर्षीय बालक की मौत, गांव में पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
कोरानसराय थाना क्षेत्र के कनझरुआं गांव में खेलते-खेलते दस वर्षीय बालक ऋतिक कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पंचायत सरकार भवन परिसर में हाल ही में खुदाई कराए गए तालाब में हुए इस हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। घटना से पूरा गांव को शोक में डुब गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, कनझरुआं पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी शशि शेखर सिंह उर्फ राजू यादव का पुत्र ऋतिक गुरुवार की दोपहर गांव के पूरब स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह तालाब के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद अन्य बच्चों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर उसकी तलाश शुरू कर दी।


काफी मशक्कत के बाद तालाब के भीतर मिट्टी में धंसे ऋतिक को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल बेहद गमगीन हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। बताया जाता है कि ऋतिक दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई भी मानसिक रूप से कमजोर है।

घटना की सूचना मिलने पर कोरान सराय पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।




