यूपी के मथुरा में बक्सर के चालक की हत्या, गम में डूबा परिवार

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र के नवाडेरा गांव निवासी 40 वर्षीय वशिष्ठ यादव की उत्तर प्रदेश के मथुरा में निर्मम हत्या कर देने की घटना सामने आई है। चालक की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया था। इस घटना से मृतक चालक के गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के मुताबिक नावडेरा के वशिष्ठ यादव महाराष्ट्र की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रेलर चालक के रूप में कार्यरत थे। वह महाराष्ट्र से माल लोड कर दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मथुरा क्षेत्र में कथित तौर पर सड़क लुटेरों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम देते हुए उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया। शुक्रवार को पुलिस ने उनका शव बरामद किया।


घटना की सूचना मिलते ही मृतक के मित्र गोविंद यादव उर्फ खोखी यादव, राजेंद्र यादव, कमलेश यादव, विवेक यादव समेत अन्य लोग मथुरा के लिए रवाना हो गए। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वशिष्ठ यादव अपने पीछे दो पुत्र, दो पुत्रियों सहित शोकाकुल परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार बढ़ रही लूट और अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। जनशक्ति जनता दल के बक्सर जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें कठोर से कठोर सजा दी जाए। साथ ही मृतक के आश्रित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, सरकारी सहायता और बच्चों के भविष्य के लिए विशेष आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।





