CRIME

चोरों ने नकदी के साथ उड़ाया हजारों के गहने, गश्ती पर उठे सवाल 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत के जमौली गांव में बीती रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने पंचायत की वार्ड सात की सदस्य कलावती देवी के घर से 18,000 रूपये नकदी समेत हजारों रुपये के कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड सदस्य कलावती देवी किसी काम से बक्सर गई हुई थी। उनके पति धनु कुमार भी अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। घर के अन्य सदस्य रात में छत पर सो रहे थे। इसी बीच देर रात चोरों ने घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर के बगल में स्थित एक टूटे हुए मिट्टी के मकान का सहारा लिया और उसके जरिए छत पर चढ़कर घर के भीतर दाखिल हो गए। घर में घुसकर चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। उसमें रखे नकद और कीमती गहने समेट लिए। एक बक्से का ताला जब चोरों से नहीं खुला, तो वे उसे उठाकर पास के ही मुस्लिम कब्रिस्तान ले गए। वहां ताला तोड़कर चोरों ने सामान खंगाला और उसमें रखे जरूरी कागजातों को नुकसान पहुँचाया। शनिवार की सुबह परिवार के लोग जब जगे और नीचे आए तो मुख्य दरवाजा खुला देखा तो दंग रह गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसी बीच ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के पास भी एक टूटा हुआ बक्सा और बिखरे हुए कागजात देखे, जिसके बाद यह बात आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड सदस्य के पति धनु कुमार ने राजपुर थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button