कोरान सराय में युवक का और डुमरांव में मिला वृद्ध का शव, बेटी से मिलने आया था मृतक

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव के बधार में और डुमरांव थाना क्षेत्र के खिरौली बाधार में बुधवार सुबह एक युवक और एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद वृद्ध का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।



मिली जानकारी के मुताबिक कोरानसराय थाना के मठिला गांव के बाधार में आहर में एक युवक का शव दिखा। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव पर लाल रंग का टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पैंट पाया गया है, जिससे पहचान में फिलहाल कोई सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस के अनुसार, शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जो मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर हर पहलू से जांच की जा रही है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य परिस्थिति में युवक की मौत हुई है। कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में सूचना भेज दी गई है।

वहीं दूसरी तरफ अपनी बेटी के ससुराल आए एक वृद्ध की नहर के चाट में डूबने से मौत हो गई है। बुधवार को खिरौली गांव से पश्चिम डुमरांव रजवाहा के चाट में उसका शव मिला। जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान का प्रयास शुरू किया। थोड़ी देर बाद उसकी शिनाख्त नवानगर थाना क्षेत्र के बिचली भरौली गांव निवासी 65 वर्षीय भोला भर के रूप में की गई। मिली जानकारी के अनुसार उसकी बेटी ममता की शादी खिरौली निवासी शिव प्रसाद राय के पुत्र बबलू राय से हुई थी।मृतक के नाती बिट्टू राय ने बताया कि नाना चार-पांच दिन पहले खिरौली आए थे। मंगलवार को करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वे सिमरी थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव जाने की बात का घर से निकले थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि खिरौली से निकलने के बाद वे शौच के लिए नहर के चाट की तरफ गए थे। पैर फिसलने से वे नहर में औंधे मुंह जा गिरे होंगे तथा पानी में डूबने से मौत हो गई। शव की पहचान होने के बाद उसकी बेटी ममता तथा नाती_पोतों समेत पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





