Accident

बहन की डोली से पहले उठा दो सगे भाइयों की अर्थी, ट्रक के धक्के से गई जान

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

बहन की डोली उठने से पहले ही दो सगे भाइयों की मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।खुशियों से भरे एक घर में मातम पसर गया। बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले दो सगे भाइयों की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवकुली गांव के समीप आरा-बक्सर फोरलेन पर हुआ। मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के करनामेपुर (लालू के डेरा) निवासी बृज बिहारी पासवान के पुत्र गणेश पासवान और मुन्ना पासवान के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि दोनों भाई मंगलवार की सुबह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर अपनी बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड देने के लिए लह्ठान जा रहे थे। इसी दौरान देवकुली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद कुछ समय तक दोनों के शव सड़क पर ही पड़े रहे, जिससे आरा-बक्सर फोरलेन पर यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही ब्रह्मपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी।

इधर, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव और भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण ही यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतकों की बहन की शादी 7 मई को तय थी, जबकि 3 मई को तिलक और 6 मई को हल्दी की रस्म होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को पल भर में छीन लिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button