POLITICS

भाजपा नेता मनोज तिवारी के रोड शो में हंगामा करने वाले छह गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

डुमरांव में शनिवार को भाजपा सांसद मनोज तिवारी के रोड शो के दौरान हुई नारेबाजी और अव्यवस्था के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। इस मामले में 11 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रविवार सुबह छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में कांड संख्या 158/25 के तहत दर्ज किया गया है। डुमरांव मनरेगा के पंचायत तकनीकी सहायक सह दंडाधिकारी धनजी सिंह के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक सोनु कुमार, सुमन कुमार, सोनु यादव, उमेश यादव, भुअर यादव, गोरख यादव, जीतेश यादव, रोहित यादव, नीरज यादव, मुकेश यादव, अरुण यादव समेत 15-20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

दंडाधिकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे जब रोड शो अरियांव के ब्रह्म स्थान के पास पहुंचा, तो 25-30 लोग राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का झंडा लेकर जमा हो गए। उन्होंने ‘आरजेडी जिंदाबाद’ और ‘बीजेपी मुर्दाबाद’ के नारे लगाए, जिससे रोड शो बाधित हुआ और कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सशस्त्र बलों और पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया और रोड शो को सुरक्षित रूप निकाल दिया। सुरक्षाकर्मियों ने नारेबाजी करने वालों का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार है।

कृष्णाब्रह्म थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में अरियांव गांव के 11 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 15-20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, फुटेज में दिख रहे अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button