पोखरे में नहाने गए 42 वर्षीय व्यक्ति की डूबकर मौत, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

बीआर दर्शन | बक्सर
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के परासी गांव में पोखरे में नहाने गए एक 42 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान परासी गांव निवासी स्व. बरसाती सिंह के पुत्र लालबाबू सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, लालबाबू सिंह किसी किसान के यहां मजदूरी करने के बाद पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक उनके पानी से बाहर नहीं निकलने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई।


सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोखरे में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद लालबाबू सिंह को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर इटाढ़ी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद परासी गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





