अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, एकमात्र कमाउ युवक की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 120 पर बासुदेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावानगर प्रखंड मुख्यालय के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतक की पहचान बाबूगंज इंग्लिश निवासी 43 वर्षीय विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

मिली जानकारी के मुताबिक विनोद कुमार सिंह इन दिनों नावानगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार की सुबह वह घर से बाजार के लिए निकले थे और लौटने के दौरान प्रखंड मुख्यालय के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कागज़ी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि विनोद कुमार सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





