25 हजार का इनामी विजय पांडेय गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित

बीआर दर्शन | बक्सर
जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के टॉप-10 में में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विजय पांडेय को बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में रविवार को डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार ने दी।


डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी विजय पांडेय, पिता स्वर्गीय शिव प्रसाद पांडेय, ग्राम पोखरहा, थाना बगेन गोला, जिला बक्सर का निवासी है। वह बक्सर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि विजय पांडेय के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा कई मामलों में गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए जा चुके थे। अपराधी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर अपराधी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए विजय पांडेय बार-बार अपने ठिकाने बदलता रहा, लेकिन पुलिस टीम की सतत निगरानी और अथक प्रयास के चलते शनिवार को पुख्ता सूचना के आधार पर उसे ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

डीएसपी ने कहा कि बक्सर पुलिस टाप टेन में शामिल वांछितों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चला रही है। गिरफ्तारी अभियान के दौरान टीम का नेतृत्व डुमरांव डीएसपी पोलस्त कुमार ने किया। टीम में डीआईओ प्रभारी सुधीर कुमार, बगेन गोला थाना अध्यक्ष अभय शंकर सिंह, मंगलेश कुमार मधुकर, चंदन कुमार (डीआईओ बक्सर) सहित सशस्त्र डीआईओ टीम एवं बगेन गोला थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।




