बंद पड़े घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने व नकदी उड़ाए

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के चरित्रवन स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित महिला ने टाउन थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, वीर कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी पिंकी सिंह अपने पति संतोष सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चार अगस्त को भोजपुर जिले के बड़का गांव में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था।


छह अगस्त की शाम जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्से की तलाशी लेने पर आभूषण और नकदी गायब मिली। पीड़िता के अनुसार, चोर दो सोने के लॉकेट, एक अंगूठी, दो नथुनी, दो जोड़ी चांदी की पायल, पांच चांदी के सिक्के तथा करीब 15 हजार रुपये नकद ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़िता ने टाउन थाना में आवेदन देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





