सिमरी में मामुली विवाद को लेकर किशोर को मारी गोली, हालत गंभीर

बीआर दर्शन | बक्सर
सिमरी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह मामूली विवाद के बाद एक किशोर को गोली मार दी गई। घटना एकौना और दुबौली गांव के बीच की है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक एकौना गांव निवासी हरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र मनीष यादव को दुबौली गांव के रौनक तिवारी ने गोली मार दी। गोली मनीष के पेट में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों द्वारा उसे तत्काल जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।


बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना के समय मनीष अपनी बाइक से एकौना से दुबौली की ओर जा रहा था, जबकि रौनक अपने घर से एकौना की तरफ आ रहा था। रास्ते में दोनों की आमने-सामने मुलाकात हुई, इसी दौरान मनीष द्वारा कुछ कहे जाने पर रौनक नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो सीधे मनीष के पेट में जा लगी। गोली लगते ही मनीष खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए। घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।





