प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मठ-मंदिरों में मनेगा दीपोत्सव, तैयारी पर चर्चा

बीआर दर्शन | बक्सर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को जिले के मठ-मंदिरों में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के आह्वान पर इस दिन मंदिरों में दीपोत्सव, महामृत्युंजय जाप, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा और संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।

बक्सर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ सेवा अभियान:
जिले में कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी कुमार राज गुप्ता को दी गई है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को जिले के प्रमुख मंदिरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ, कबीर वाणी पाठ एवं सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘एक युवा-एक संकल्प’ अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत रक्तदान शिविर, वृद्धजनों की सहायता, पौधरोपण, अस्पतालों में मरीजों के परिजनों की सहायता तथा गरीब बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री एवं प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रामरेखा घाट स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर में तैयारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा नेता सौरभ तिवारी, राहुल दुबे, महावीर गुप्ता, विनोद माली, भाष्कर सिंह, रोहित मिश्रा, बरमेश्वर चौधरी, आयुष सराफ, दीपक गुप्ता, सिद्धार्थ गुप्ता, मनीष गुप्ता, रौशन गुप्ता, मयंक कसेरा, संदीप जायसवाल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।




