डिवाइडर से टकराईं कार, महिला की मौत, पति और पुत्र जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 पर रामगढ़ के समीप मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र घायल हो गए। मृतका की पहचान नीतू कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने पति विनीत कुमार और 10 वर्षीय बेटे के साथ कार से गाजीपुर से पटना जा रही थी।



मिली जानकारी के अनुसार, विनीत कुमार गाजीपुर में एक बैंक में कार्यरत हैं। अंबेडकर जयंती की छुट्टी के अवसर पर वह अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ के पास पहुंचते ही उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा में नीतू कुमारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से जख्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।




