Accident

करंट के चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत, 22 नवंबर को होनी थी शादी 

 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

टाउन थाना क्षेत्र के श्वेत नगर वार्ड नंबर सात में बुधवार को करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्की कुमार (25), पिता मदन सिंह के रूप में हुई है। वह दो बहनों और माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक युवक के शादी का दिन भी तय हो गया था।

मिली जानकारी के अनुसार, पेड़ की एक टहनी गिरने से बिजली के पोल से घर तक आने वाला सर्विस तार टूट गया था। बताया जा रहा है कि लक्की टूटे हुए तार को जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे जमीन पर पड़ा देखा तो आनन-फानन में बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार, लक्की को बिजली से संबंधित काम की जानकारी थी। वह बिजली के काम को जानता था, लेकिन अचानक वह कैसे करंट की चपेट में आ गया, इसे किसी ने नहीं देखा।

बताया जा रहा है कि लक्की की शादी के लिए 22 नवंबर की तारीख तय की गई थी। हालांकि, किसी कारणवश घटना से पहले ही इस तारीख को रद्द कर आगे की तारीख तय करने की तैयारी चल रही थी। परिवार में शादी को लेकर चर्चाएं हो रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सब कुछ बदल दिया। बताया गया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया। अस्पताल से मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button