तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत, मचा कोहराम

बीआर दर्शन | बक्सर
मुरार थाना क्षेत्र के चौगाईं के बड़का पोखरा में समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से ईंट -भट्ठा पर काम करने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान चौगाईं गांव निवासी नरेश नोनिया के 30 वर्षीय पुत्र नागेन्द्र नोनिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक बसंतपुर के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। मंगलवार की शाम वहां से मजदूरी कर वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह चौगाईं बड़का पोखरा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इस घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है। घटना के बाद इस मामले में उचित मुआवजे की मांग परिजनों ने की है। बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार बेहद निर्धन है और जैसे तैसे कर अपना जीवन यापन करता है। मुरार थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज पुलिस खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।