बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बिहार सेंट्रल स्कूल में बाल-क्रीड़ा एवं बाल संवाद का आयोजन

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के परिसर में शुक्रवार को बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बाल-क्रीड़ा एवं बाल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिवस हमें कुछ नया सीखने, प्रेरणा लेने और उसके महत्व को समझने का अवसर देता है। बाल दिवस पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह एवं जुड़ाव की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए स्वच्छ वर्तमान और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है।


इस अवसर पर दौड़, लंबी कूद, स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

जूनियर वर्ग में नर्सरी के शिवांश और मुस्कान ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में आनंद, सलोनी और अमृता ने अपने-अपने वर्गों में बेहतर प्रदर्शन किया। नौवीं कक्षा की प्रतियोगिता में सोनाली भारद्वाज, अर्पित सिंह, अनमोल और राजनंदिनी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों के बीच निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का वितरण किया गया।




