हत्या समेत विभिन्न कांडों में शामिल बक्सर का टॉप-10 कुख्यात राजस्थान से गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अभियुक्त संजय राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी जिले के चोपानकी थाना क्षेत्र से पकड़ा। आरोपी बगेनगोला थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संजय राय वर्ष 2021 में मुरार थाना में दर्ज हत्या के कांड संख्या 55/21 में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।


अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम का नेतृत्व डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह कर रहे थे। तकनीकी अनुसंधान और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस को उसके राजस्थान में छिपे होने का सुराग मिला। इसके बाद टीम राजस्थान पहुंची और चोपानकी इलाके में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। आरोपित संजय राय पर बगेनगोला थाना में कांड संख्या 100/20 के तहत हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है। बगेनगोला थाना कांड संख्या 17/21 में भी हत्या के प्रयास, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट, मुरार थाना कांड संख्या 55/21 में हत्या, साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

गिरफ्तारी टीम में डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, डीआईयू के दारोगा चंदन कुमार-1, मुरार थाना के दारोगा प्रदीप साह गोंड और डीआईयू टीम के जवान शामिल रहे।




