मोटर बनाने के दौरान करंट के चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव में मंगलवार को करंट के चपेट में आने से एक बुजुर्ग मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान मलहचकिया गांव निवासी लगभग 70 वर्षीय परशुराम चौधरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



बताया जाता है कि परशुराम चौधरी खेत में लगे बोरिंग की मोटर बनाने के लिए कृतपुरा गांव गए थे। काम के दौरान अचानक उनका संपर्क बिजली के प्रवाहित तार से हो गया। करंट लगने से उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि परशुराम चौधरी वर्षों से बोरिंग बनाने और मोटर मरम्मत का कार्य करते थे। क्षेत्र में किसी भी खराब बोरिंग की मरम्मत के लिए लोग सबसे पहले उन्हें ही बुलाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।





