सेंट्रिंग बना काल: सरपंच की मौत, दो मजदूर गंभीर रूप से हुए जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में मंगलवार की शाम निर्माणाधीन मकान का सेंट्रिंग टूटने से बड़ा हादसा हो गया। छज्जे की सेंट्रिंग टूटने से काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई। घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।


मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर में अभयानंद प्रजापति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। छज्जे की सेंट्रिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान सुरेंद्र प्रजापति रिश्तेदारी के कारण वहां पहुंचे थे। बताया जाता है कि वह मौके पर मौजूद मिस्त्रियों और मजदूरों को निर्माण कार्य के संबंध में सुझाव दे रहे थे।


इसी बीच अचानक छज्जे की सेंट्रिंग टूट गई। इससे सुरेंद्र प्रजापति समेत तीन लोग नीचे गिर पड़े। हादसे में तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को डुमरांव के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचते ही सुरेंद्र प्रजापति ने दम तोड़ दिया।





