पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों से रॉयल ग्रीन शराब की 297 पेटियां बरामद, चालक फरार

बीआर दर्शन | बक्सर
उत्पाद विभाग ने शुक्रवार शाम करीब तीन बजे वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर एक कंटेनर से 31 लाख 53 हजार 600 रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई। चालक जांच से पहले ही कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। उत्पाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के कंटेनर को जांच के लिए रोका गया। जांच टीम ने चालक से वाहन के दस्तावेज और इनवॉइस मांगा। सड़क पर जाम नहीं लगे, इसलिए कंटेनर को किनारे लगाने के लिए कहा गया। इसी बीच चालक करीब 50 मीटर आगे वाहन रोककर मौके से फरार हो गया।


उन्होंने बताया कि कंटेनर सील था। टीम ने लॉक तोड़कर तलाशी ली। अंदर करीब 300 पोटाश फॉस्फेट के हरे रंग के डिब्बे रखे मिले। जब इन डिब्बों के पीछे जांच की गई तो हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की विदेशी शराब की 297 पेटियां बरामद हुईं। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों में वेस्ट लिक्विड भरा मिला है। आशंका है कि इसका इस्तेमाल शराब की खेप को छिपाने के लिए किया जा रहा था। इसकी पुष्टि के लिए नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा। फिलहाल उत्पाद विभाग ने शराब जब्त कर ली है। मामले में उत्पाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।





