Accident

करंट लगने से दो बच्चों की मौत, आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम

 

बीआर दर्शन | बक्सर

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव में करंट लगने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को चौसा यादव मोड़ तिमुहानी के पास सड़क जाम कर प्रशासन, विद्युत विभाग और थर्मल प्लांट प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, खिलाफतपुर स्थित कोयला डिपो के समीप निर्माणाधीन सड़क के नीचे बनी पुलिया के पास खुले 440 वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान महादलित बस्ती निवासी ढोंढा मुसहर के 10 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार और दिमागी मुसहर के 12 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि दोनों बच्चे मंगलवार को खेलते-घूमते हुए पुलिया के पास पहुंच गए थे। इसी दौरान वे खुले बिजली तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने शवों को गांव लाकर विरोध जताया और सड़क जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से मुआवजा दिलाने और मामले की जांच कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button