हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से लूट, बदमाश बैग लेकर फरार

बीआर दर्शन | बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से लूट की वारदात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पूछताछ के आधार पर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, औद्योगिक थाना क्षेत्र के एनएच 922 पर चुरामनपुर पुरानी चट्टी पर रघुबीर खरवार यूनियन बैंक का CSP संचालित करते हैं। रघुवीर खरवार सोमवार की रात दुकान बंद कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने पहले हरिकिशुनपुर गांव जाने का रास्ता पूछा और इसी दौरान हथियार सटाकर उनकी पीठ पर लटका बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए। पीड़ित के भाई विजय खरवार के अनुसार, बैग में करीब 40 हजार रुपये नकद, फिंगरप्रिंट सेंसर मशीन, दुकान की चाबी, पहचान पत्र समेत कई जरूरी कागजात रखे थे।


औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास लग सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है।





