Accident

स्नान के दौरान गंगा नदी में डूबा किशोर, तलाश में जुटी एसडीआरएफ 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

औद्योगिक थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गंगा घाट पर शनिवार सुबह स्नान के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर के गंगा नदी में डूबने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया, जबकि स्थानीय लोगों की भीड़ घाट पर जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुनपुर निवासी जितेंद्र राय का 16 वर्षीय पुत्र अक्षित राय उर्फ छोटू अपने दोस्तों के साथ सुबह गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल औद्योगिक थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों को सूचना देकर किशोर की तलाश शुरू करा दी है। अब तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था और खोज अभियान लगातार जारी था।

बेटे के डूबने की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी घाट पर मौजूद रहकर खोज अभियान में सहयोग कर रहे हैं।  प्रशासन ने लोगों से गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है। औद्योगिक थानाध्यक्ष ने बताया कि गोताखोर एवं एसडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button