स्थानीय स्टेशन पर चला मजिस्ट्रेट अभियान, मचा हड़कंप

बीआर दर्शन | बक्सर
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 लोगों को पकड़ा। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां उनसे कुल 53,800 रुपये जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान महिला कोच एवं दिव्यांग कोच में अवैध रूप से यात्रा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा रेलवे ट्रैक पार करने, नो पार्किंग, बिना अनुमति चेन पुलिंग, अवैध वेंडिंग तथा एसी कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले भी कार्रवाई की जद में आए।



आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत पकड़े गए सभी 87 लोगों को कैंप कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर उनसे कुल 53,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की मजिस्ट्रेट चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।





