बाजार करने गये युवक को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर

बीआर दर्शन | बक्सर
शुक्रवार की शाम टेस्ट के नया बाजार में रामपुर पंचायत के दसियांव गांव से केसठ बाजार करने आए एक युवक को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ज़ख्मी युवक दसियांव गांव निवासी भृगुनाथ दूबे के पुत्र प्रिंसी दुबे उर्फ मंगल दुबे (24 वर्ष), है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।


बताया जा रहा है कि युवक शाम को बाजार करने केसठ गांव में आया था। जहां पर अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि युवक को छाती में गोली लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और आसपास के इलाके में जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। फिलहाल न तो पुलिस और न ही परिजनों की ओर से घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। इस घटना के बाद गांव और बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि युवक को गोली लगने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोली लगने के बाद परिजनों व ग्रामीणों के द्वारा घायल को आरा निजी अस्पताल में ले जाया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।




