Accident

शार्ट- सर्किट से बैंक में लगी आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

 

बीआर दर्शन | बक्सर

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना बैंक बंद होने के कुछ समय बाद की है। बैंक भवन के अंदर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीण तेजी से मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी दमकल विभाग व थाने की पुलिस को दी।

ग्रामीणों के मुताबिक, देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया। बैंक परिसर से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टी, पाइप और हैंडपंप से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर शेष आग को पूरी तरह बुझाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है। आग की चपेट में आने से बैंक के फर्नीचर, काउंटर, महत्वपूर्ण कागजात, कंप्यूटर व अन्य विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। बैंक प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस ने बैंक प्रबंधन को विद्युत तारों व उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button