OTHERS

‘पेड़ पर उल्टा लटकाने’ वाले वीडियो को बताया एआई निर्मित, हिरासत में लिए जाने पर सड़क जाम कर जताया विरोध 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरुदास मठिया गांव में चोरी का आरोप में गांव के एक युवक के साथ कथित मारपीट और पेड़ से उल्टा लटकाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद माहौल और गर्मा गया है। पीड़ित युवक के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से नाराज ग्रामीणों द्वारा गुरुवार को बक्सर – इटाढ़ी मार्ग लालगंज में जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया।लगभग एक घण्टे सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच के बजाय एकतरफा कार्रवाई की है।

सड़क जाम में शामिल आजाद पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश आजाद ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित युवक को ग्रामीणों ने चोरी करते हुए पकड़ा था, जिसकी सूचना थाना को दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने चोरी के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि निर्दोष लोगों को हिरासत में ले लिया।

सुरेश आजाद ने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा युवक को पेड़ से उल्टा लटकाने का वीडियो पूरी तरह भ्रामक है और इसे एआई तकनीक के जरिए तैयार किया गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हिरासत में लिए गए लोगों को तत्काल रिहा करने की बात कही।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button