CRIME

पत्ता गोभी के अंदर छुपाई गई 16 लाख की शराब बरामद, चालक फरार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

वीर कुंवर सिंह ऊपरी पुल पर नियमित वाहन जांच के दौरान बुधवार की सुबह उत्पाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। जांच के दौरान एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी के लिए आगे उजाला पट्टी स्थित चेक पोस्ट से करीब 50 मीटर की दूरी पर रोकने का निर्देश दिया गया। हालांकि, पुलिस टीम के वाहन तक पहुंचने से पहले ही डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया डीसीएम ट्रक में सब्जी लदी हुई दिखाई दे रही थी। वाहन की जांच शुरू की गई तो उसमें पत्ता गोभी लदा मिला। पुलिस को वाहन की तलाशी के दौरान सामान के बीच कुछ संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद गोभी के नीचे छिपाकर रखे गए कार्टनों की जांच की गई तो बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जांच के दौरान शराब की खेप देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई। बरामद शराब चंडीगढ़ निर्मित विदेशी शराब बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, डीसीएम ट्रक में कुल 150 कार्टून शराब छिपाकर रखी गई थी, जिसकी कुल मात्रा करीब 1332 लीटर है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की खेप को सब्जी के बीच छिपाकर दूसरे स्थान पर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। वाहन जांच के दौरान चालक के फरार हो जाने के बाद पुलिस ने डीसीएम ट्रक को जब्त कर लिया और शराब की खेप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस अब जब्त डीसीएम ट्रक के आधार पर उसके मालिक और शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी आगे की कार्रवाई जारी है। वाहन जांच के दौरान इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि शराब तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button