नौकरी के नाम पर ठगी और फिर हत्या के अभियुक्त शिक्षक को आजीवन कारावास, एक लाख का जुर्माना

बीआर दर्शन | बक्सर
व्यवहार न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) मनीष कुमार शुक्ला की कोर्ट ने मंगलवार को चर्चित मोहन कुमार हत्याकांड में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मुख्य आरोपी शिक्षक द्वारिका पांडेय को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही दोषी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। जुर्माना न भरने पर छह माह के साधारण कारावास की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

अपर लोक अभियोजक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि 26 मार्च 2024 को होली के दिन शहर के स्टेशन रोड स्थित डीएवी स्कूल के सामने मोहन कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक मोहन कुमार धनसोई का निवासी था। घटना के दिन आरोपी द्वारिका पांडेय, जो ब्रह्मपुर प्रखंड के एक प्राथमिक विद्यालय में नियोजित शिक्षक था, मोहन को अपने घर ले गया था। देर रात धनसोई पुलिस ने मृतक के भाई दीपक कुमार को फोन पर दुर्घटना की सूचना दी। लेकिन जब दीपक थाना पहुंचा, तो मामला कुछ और ही निकला। आरोपी पुलिस की हिरासत में था और मोहन का शव एक निजी अस्पताल में पड़ा था।


सूचक दीपक कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि आरोपी ने कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर उसके भाई से डेढ़ से दो लाख रुपये लिए थे। जब मोहन ने पैसे वापस मांगे, तो विवाद बढ़ा और उसकी हत्या की साजिश रची गई।





