नीट पेपर लीक मामले को लेकर जिला दिव्यांग संघ ने किया प्रदर्शन

बीआर दर्शन | बक्सर
जिला दिव्यांग संघ के बैनर तले गुरुवार को स्थानीय वीर कुंवर सिंह चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक प्रकरण को देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई और शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला दिव्यांग संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इस पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह न्यायसंगत है और दिव्यांग समाज भी उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ा रहेगा।

उन्होंने सरकार से मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के सपनों के साथ खिलवाड़ न हो। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की रक्षा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

इस अवसर पर प्रमोद केसरी, दिलीप राम, अभय पासवान, पप्पू जायसवाल, प्रिंस इदरीसी, विनोद जी, मुन्ना भैया, हरिशंकर सहित जिला दिव्यांग संघ के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




