चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही 45 लाख की शराब बरामद, एक गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
उत्पाद विभाग पुलिस को मंगलवार की सुबह बड़ी सफलता मिली। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट (ऊपरी पुल) पर जांच के दौरान एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान उत्पाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि कार्रवाई चेक पोस्ट प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। मंगलवार की सुबह करीब चार बजे नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।


जांच में पता चला कि शराब की खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। बरामद माल में बुडवाइजर बीयर और क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की के विभिन्न पैक शामिल हैं। उत्पाद विभाग के अनुसार ट्रक से कुल 491 पेटियां बरामद हुईं। इसमें 3456 लीटर विदेशी शराब और 1188 लीटर बीयर शामिल है। कुल बरामद मात्रा 4644 लीटर बताई गई है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान सोनू सिंह (45 वर्ष), पिता बलवीर सिंह, निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने शराब और डीसीएम ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





