CRIME

कोरान सराय में संदिग्ध हालात में मिला 57 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

कोरानसराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह स्थानीय ब्रह्म बाबा के समीप एक 57 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान कोरानसराय निवासी महेंद्र पासी, पिता स्व. शिव शंकर पासी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोरानसराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे ब्रह्म बाबा के समीप लोगों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मानें तो मृतक के दाहिने हाथ पर कटने का निशान मिला है। हालांकि, शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में मौत की परिस्थितियां फिलहाल संदिग्ध बनी हुई हैं।

शव मिलने की खबर जैसे ही मृतक के परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने महेंद्र पासी की मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।

इधर, पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि महेंद्र पासी वहां कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button