ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव- बिक्रमगंज पथ पर कोरान सराय थाना क्षेत्र के खलवा इनार के समीप ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में मंगलवार शाम बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान डुमरांव थाना क्षेत्र के मिश्रवलियां गांव निवासी शिवबली राम के 30 वर्षीय पुत्र रामेश्वर राम के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक डुमरांव थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव के शिवबली राम के 30 वर्षीय पुत्र रामेश्वर राम अपने ससुराल सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका-पांडेयपुर गांव गए थे। घर लौटने के दौरान संध्या करीब 4.30 बजे खलवा इनार के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह गया था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि रामेश्वर राम तीन भाइयों में मंझले थे। घटना के बाद पत्नी प्रेमा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। मृतक के पिता ने बिलखते हुए बताया कि रामेश्वर अपने पीछे चार मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार गहरे सदमे में डूबा हुआ है।





