हथियार के बल पर अपराधियों ने सीएसपी संचालक से करीब सवा लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। अपाची बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने कठघरवा-पवनी मार्ग पर ढुढ़नी गांव के समीप सोमवार की शाम सीएसपी संचालक से 1.15 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद अपराधी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के मुताबिक कमरपुर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा पवनी पंचायत भवन के पास भारतीय स्टेट बैंक का सीएसपी संचालित करते हैं। वह प्रतिदिन चौसा स्थित एसबीआई शाखा से लेन-देन कर साइकिल से घर लौटते हैं।


वीरेंद्र सिंह ने चौसा एसबीआई शाखा से 1.15 लाख रुपये की निकासी की। रुपये से भरा थैला लेकर वह साइकिल से कठघरवा-ढुढ़नी मार्ग से घर जा रहे थे। ढुढ़नी गांव के समीप पवनी की ओर से अपाची बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। बदमाशों ने वीरेंद्र सिंह को रोक लिया। उन पर बंदूक तान दी। इसके बाद रुपये से भरा थैला और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के बाद तीनों अपराधी पवनी-करंहसी की ओर भाग निकले। कुछ दूरी पर ग्रामीणों से मिलने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पीड़ित ने मंगलवार को दोपहर में आवेदन दिया है। घटना की जांच की जा रही है।




