शिक्षकों का सम्मान और हितों की रक्षा पहली प्राथमिकता : ब्रजवासी

बीआर दर्शन | बक्सर
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य बंशीधर ब्रजवासी शुक्रवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने प्रखंड क्षेत्र के दुबौली गांव पहुंचे थे। इस दौरान शिक्षक नेता शालिग्राम दूबे के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनके आगमन पर जिले के विभिन्न हिस्सों से काफी संख्या में शिक्षक, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद व सामाजिक सरोकार से जुड़े लोग जुटे हुए थे। विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक व राष्ट्र निर्माण के मजबूत स्तंभ हैं। शिक्षकों का सम्मान व उनके हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिया कि शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं को विधान परिषद में पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।



शिक्षक नेता शालिग्राम दूबे ने कहा कि बक्सर की धरती पर विधान पार्षद के आगमन और उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार से जिले का शिक्षक समाज अभिभूत है। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उनमें शिक्षकों का स्थानांतरण, वेतन विसंगति, सेवा शर्तें, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव और शिक्षकों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। विधान पार्षद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए सार्थक पहल करने का आश्वासन दिया। मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडेय, सुबोध राय, महेंद्र कुमार, राकेश मिश्र, अफगान खान, गंगा सागर कुमार, श्वेतांश कुमार, तबरेज आलम, उपेंद्र पाठक, पूर्णानन्द मिश्र, नवनीत सिन्हा, नीलकमल तिवारी, धर्मेंद्र तिवारी, गणेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।





