राजपुर में भीषण सड़क दुर्घटना: चार युवक की मौत, तीन जख्मी, दो रेफर

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा – मोहनियां सड़क पर गुरुवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत और तीन लोगों के जख्मी होने की सूचना मिल रही है। गंभीर रूप से जख्मी दो युवकों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही राजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के कुछ युवक बारात में शामिल होने कार से रामगढ़-मोहनिया की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे। तभी कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में बाइक सवार अरुण कुमार 22 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर में उसका दाहिना पैर भी कट गया। वहीं, बाइक सवार शिवम और शुभम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि कार में सवार इरफान, अरबाज और बादल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कार सवार एक युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसकी पहचान का प्रयास पुलिस कर रही है। हालांकि कुछ लोग युवक का नाम सम्राट कुमार बता रहे हैं। एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक चार युवकों की मौत हुई है, दो रेफर हुए हैं और एक युवक का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।




