Accident

ठोरा नदी में रील बनाने में डूबे तीन किशोर, गांव में पसरा मातम

 

बीआर दर्शन | बक्सर

इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरस्ती गांव में गुरुवार को ठोरा नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के चार दोस्त परिजनों को बिना बताए नदी में स्नान करने गए थे। बताया जाता है कि नहाने के दौरान वे मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी क्रम में तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

घटना के समय उनके साथ मौजूद चौथा दोस्त कल्याण शर्मा नदी किनारे था। उसने बताया कि उसके तीनों दोस्त हाथ पकड़कर पानी में नहा रहे थे। अचानक वे गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। तैरना नहीं आने के कारण वह उन्हें बचा नहीं सका। इसके बाद वह दौड़कर गांव पहुंचा और लोगों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में सरस्ती डेरा निवासी 13 वर्षीय समर कुमार शर्मा शामिल है। वह छठी कक्षा का छात्र था। दूसरा मृतक 15 वर्षीय कृष्णा कुमार राम था, जो नौवीं कक्षा में पढ़ता था। तीसरे किशोर की पहचान 14 वर्षीय धर्मवीर कुमार, पिता धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button