हथियार के बल पर चरित्रवन से किशोर का अपहरण, सिमरी में बरामद

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के चरित्रवन इलाके से शुक्रवार की दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट करते हुए 14 वर्षीय किशोर का अपहरण भी कर लिया। इस दौरान बेटे को बचाने आई मां को धक्का देकर जख्मी कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित ने टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। मामले में टाउन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। हालांकि किशोर को सिमरी थाना के मदद से बरामद कर लिया गया है।

शहर के कौटिल्य नगर में किराए के मकान में रहने वाली पूनम देवी ने टाउन थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को करीब 11:45 बजे वह किचन में काम कर रही थीं, तभी अचानक तीन लोग हथियार (कट्टा) लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि दुधीपट्टी, सिमरी निवासी रिंटू राय, नारायण राय और संजय राय ने उनके 14 वर्षीय बेटे पीयूष कुमार राय के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब पूनम देवी उसे बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गईं।


पीड़िता के अनुसार, जब उन्हें होश आया तो देखा कि उनका बेटा घर में नहीं है और कमरे से ₹50,000 नकद भी गायब है। उन्हें पूरा शक है कि आरोपियों ने ही पैसे लूटे और उनके बेटे का अपहरण कर लिया।आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि किशोर को पुलिस ने सिमरी थाना पुलिस के मदद से बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद का प्रतित हो रहा है। घटना की जांच की जा रही है।





