CRIME

जमीन के लिए भाई बन गया भाई के खुन का प्यासा, गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

मुरार थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक भाई ने अपने ही सगे भाई, भौजाई और भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में बड़े भाई अक्षयवर लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार मुरार थाना क्षेत्र के कोन्ही बंजरिया गांव में वर्षों से कृष्णा यादव (35 वर्ष), पिता रामाशीष यादव का अपने सगे भाई अक्षयवर लाल (55 वर्ष) से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

रविवार सुबह दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते उग्र झगड़े में बदल गई। इसी दौरान कृष्णा यादव ने पास में रखा हंसुआ उठाकर अपने भाई अक्षयवर लाल, उनकी पत्नी मीना देवी (50 वर्ष) और बेटे विकास कुमार (18 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में अक्षयवर लाल की बांह कट गई, जबकि मीना देवी और विकास कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल चौगाईं पीएचसी पहुंचाया।चिकित्सकों ने अक्षयवर लाल की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को ही घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button