फिंगरप्रिंट का क्लोन बना ग्रामीणों के खातों में लगा रहा था सेंध, गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
फिंगरप्रिंट का क्लोन बना ग्रामीणों को चुना लगाने वाले साइबर ठग को राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ठग से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।



राजपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कटरिया गांव के विंध्याचल पाल के पुत्र मनु जी पाल गांव में साइबर कैफे का काम करता था। आरोपी ग्राहकों से विभिन्न बहानों से अंगूठा लगवाकर उनके बैंक खातों में सेंधमारी कर पैसे उड़ा लेता था। यह तकनीकी रूप से भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाता था। इस गिरोह की गतिविधियों का खुलासा तब हुआ जब ग्राम हुड़रही निवासी गायत्री देवी ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी के खिलाफ राजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। 03 दिसंबर 2025 को पीड़ित महिला के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मनुजी पाल को गिरफ्तार कर लिया। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने अपील किया की किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध बैंकिंग प्रतिनिधि को अपना बायोमेट्रिक (अंगूठा) न दें। यदि आपके खाते से अनाधिकृत रूप से पैसे कटते हैं, तो तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें.। पुलिस पुरे गिरोह के भंडाफोड़ को लेकर प्रयास कर रही है।





